शामली पुलिस ने किया इस कुख्यात ईनामी को गिरफ्तार...


◘ पंकज वालिया 
शामली: आदर्श मंडी क्षेत्र के गांव मुंडेट कलां में वर्ष 2016 में हुए हत्याकांड के फरार चल रहे 15 हजार के ईनामी को पुलिस ने चार साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राजस्थान में एक फैक्टरी में काम कर रहा था और चोरी छिपे अपने माता-पिता से गांव में मिलने आता था। इस हत्याकांड में एक महिला आरोपी को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। 
  जानकारी के अनुसार एसपी विनीत जायसवाल के निर्देश पर जनपद पुलिस फरार आरोपियों की धरपकड के लिए अभियान चला रही है। आदर्श मंडी पुलिस ने गांव मुंडेट कलां में वर्ष 2016 में हुए हत्याकांड के आरोपी को चार साल बाद गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। आदर्श मंडी थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह ने बताया कि 21 मई 2016 को गांव मुंडेट कलां में राजू पुत्र विनोद की उसकी ही पत्नी रूपा व साढू मुंशी पुत्र भूषण निवासी गांव बिडौली झीमरान थाना झिंझाना ने मिलकर हत्या कर दी थी तथा फरार हो गए थे। इस संबंध में मृतक के चाचा प्रमोद पुत्र रामकिशन ने मृतक की पत्नी रूपा व मुंशी के खिलाफ आदर्श मंडी थाने पर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने भागदौड कर हत्यारोपी पत्नी रूपा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था जबकि मुंशी पुलिस के हाथ नहीं आ रहा था। पुलिस ने हत्याकांड की चार्जशीट न्यायालय में दाखिल कर दी थी जिसके बाद हत्यारोपी मुंशी पर 15 हजार का ईनाम घोषित कर दिया गया था। पूछताछ में हत्यारोपी मुंशी ने बताया कि वह शुगर मिल शामली में वेल्डिंग का काम करता था। काम से घर लौटते समय वह कभी-कभी राजू के घर पर रुक जाता, इसी बीच दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। इस बात का पता जब राजू को चला तो उसने इसका कडा विरोध किया, जिसके बाद रूपा व मुंशी ने राजू की हत्या की साजिश रची और अपने काम को अंजाम देकर फरार हो गए। हत्या के बाद आरोपी राजस्थान के जयपुर के बंगरू में एक फैक्टरी में काम करने लगा था और चोरी छिपे कभी-कभी अपने माता-पिता से मिलने गांव आता था।