पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, पांच की मौत 


◘ पंकज वालिया 
— मीलों दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज, मची अफरा-तफरी 
— मशक्कत के बाद निकाले गए तीन महिलाओं समेत पांच लोगों के शव 


शामली के कांधला में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। धमाके की गूंज मीलों दूर तक सुनाई दी। पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू कर दिया। पुलिस ने अभी तक फैक्ट्री मालिक और तीन महिलाओं समेत पांच लोगों के शव बरामद किए हैं। अभी मौके पर मशीनों की मद्द से मलबा हटाने का काम चल रहा है। 
 जानकारी के अनुसार जिले के कांधला कस्बे में आबादी से बाहर खेतों में संचालित हो रही पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार की शाम करीब 05:30 बजे भीषण विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद मीलों दूर तक अफरा—तफरी मच गई। लोग दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। सूचना पर दमकल विभाग और पुलिस की कई टीमें भी मौके पर पहुंच गई। टीमों द्वारा आग बुझाते हुए फैक्ट्री के मलबे से पांच शव बरामद किए गए हैं। 


कैसे हुई घटना? 
कांधला कस्बे में दिल्ली रोड़ पर फरमान फायर वर्क्स के नाम से पटाखा फैक्ट्री चल रही थी। पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार की शाम अज्ञात कारणों से अचानक भयंकर विस्फोट हो गया। विस्फोट से पटाखा फैक्ट्री कई छत उड़ गई। मलबा मीलों दूर तक जाकर गिरा। भयंकर विस्फोट के बाद लोग दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर दमकल विभाग और पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने अभी तक फैक्ट्री के मलबे से पांच लाशें बरामद की है। 


बरामद हुए पांच शव
बचाव अभियान के दौरान मौके से अब तक पांच लाशें बरामद हो चुकी है। पुलिस के अनुसार पटाखा फैक्ट्री के मालिक इंतजार समेत महिला सरस्वती, निर्मला, नरेशो एवं शैंकी नाम के युवक का शव बरामद हुए हैं। सभी मृतक कांधला क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।


इन्होंने कहा—
पुलिस जेसीबी बुलाकर मलबे को हटवा रही है, ताकि फैक्ट्री के अंदर अन्य लोगों की मौजूदगी का पता लगाया जा सके। फैक्ट्री का मलबा हटने के बाद ही अभियान पूरा होगा। फिलहाल पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से तीन महिलाएं हैं। मृतकों में फैक्ट्री का मालिक भी शामिल है। जब तक सारा मलबा नही हटता, सभी अधिकारी मौके पर ही मौजूद रहेंगे। 
         — विनीत जायसवाल, एसपी शामली