कल शामली में इस तरह जागरूकता फैलाएगी भाजपा


 शामलीः नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी द्वारा रविवार को शहर में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। तिरंगा यात्रा वीवी इंटर कालेज से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होकर निकाली जाएगी जो हनुमान धाम पर जाकर संपन्न होगी। इस मौके पर केन्द्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। 
  जानकारी के अनुसार  इन दिनों नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में पूरे देश में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। केन्द्र सरकार द्वारा कई बार इस कानून से किसी की भी नागरिकता न जाने की अपील की जा चुकी है लेकिन इसके बावजूद भी देश में कानून के विरोध में विरोध प्रदर्शन का दौर जारी है। इसी विरोध प्रदर्शन के चलते देश की राजधानी सहित कई राज्यों में भीड द्वारा जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया गया, कई स्थानों पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा तोडफोड, आगजनी की घटनाएं भी की गयी थी। इन घटनाओं के बाद केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा अपने सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं से देश में नागरिकता संशोधन कानून के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के बाद भाजपाईयों ने देशभर में नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में लोगों से जनसंपर्क अभियान प्रारंभ कर दिया गया है। इसी के चलते नगर भारतीय जनता पार्टी द्वारा भी नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में जनजागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। भाजपा नेताओं ने यह जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को भाजपा द्वारा शहर के वीवी इंटर कालेज से कानून के समर्थन में एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 12 बजे कालेज प्रारंभ से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ होगा जो फव्वारा चौंक, कबाडी बाजार, अजुध्या चौक, बडा बाजार, गांधी चौक, हनुमान रोड होते हुए हनुमान धाम पर जाकर संपन्न होगी। इस मौके पर आयोजित जनसभा को भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर सहित अन्य नेतागण संबोधित कर कानून के प्रति जागरूक करेंगे।