दुबई की कबूतरबाजी में फंसे थानाभवन के 10 लोग...


◘ आशु सैनी   
 थानाभवन(शामली): जिले के थानाभवन कस्बे में कबूतरबाजी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां पर दुबई भेजने के नाम पर 10 लोगों से नौ लाख की ठगी की गई। अब सभी पीड़ित न्याय के लिए पुलिस थाने के चक्कर काट रहे हैं, वहीं पुलिस अफसर मामले की जानकारी तक होने से इंकार कर रहे हैं। 

   जानकारी के अनुसार सोमवार को कस्बा निवासी शमशुद्दीन, इरशाद, साजिद, गुलशेर, तहमूर, मुर्तजा सहित दस लोग थाने पहुंचे। थाने पहुंचे लोगों ने बताया कि वें करीब एक साल पहले वह देवबंद थाना क्षेत्र के गांव सांपला निवासी तीन युवकों के संपर्क में आए थे। तीनों लोगों ने उनसे कहा था कि वें उन्हें दुबई भिजवा देंगे, साथ ही वहां नौकरी भी दिलवाएंगे। आरोप है कि दुबई भेजने के नाम पर तीनों युवकों ने सभी 10 लोगों से 90 हजार प्रति व्यक्ति के रूप में नौ लाख रूपए ले लिए। थाने पहुंचे युवकों ने बताया कि रूपए लेने वाले लोग पहले तो कई महीनों तक उन्हें शीघ्र दुबई भेजने का झांसा देते रहे, लेकिन संदेह होने पर जब लोगों ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उन्हें वीजा बनवा कर दे दिया। शिकायकर्ताओं ने बताया कि जब उन्होंने जांच कराई, तो पता चला कि उनका वीजा नकली है। आरोप है कि इसके बाद से अब तक तीनों लोगों ने उनके पैसे नही लौटाए हैं। पीडितों का आरोप है कि वें आरोपियों के घर रकम का तकादा करने के लिए पहुंचे, तो आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई। कबूतरबाजी में फंसे पीडितों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर रकम वापस दिलाने की मांग की है। मामले की शिकायत स्थानीय थाने पर की गई है।


क्या कहते है थानेदार साहब ? 
इस तरह की कोई शिकायत अभी तक नही मिली है। एसपी विनीत जायसवाल द्वारा धोखाधड़ी के मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। यदि रकम दिए जाने के सबूत पेश करते हुए शिकायत मिलती है, तो फौरन जांच पड़ताल कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। 
                    - प्रभाकर कैंतुरा 
                   थाना प्रभारी थानाभवन