शामली पुलिस के हत्थे चढ़ा यह पेशेवर गिरोह....


शामली: जिले की थाना आदर्श मंडी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर पशु चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नाजायज अस्लाह, बाइक और नकदी भी बरामद की गई है। 
   थानाध्यक्ष आदर्श मंडी कर्मवीर सिंह ने शामली दर्पण को बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गोहरनी के जंगलों की घेराबंदी की। घेराबंदी करने पर तीन बदमाशों ने पुलिस पर हमला बोल दिया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए घेरचेप कर बदमाशों को दबोच लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने पेशेवर शातिर पशु चोर गिरोह को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा गिरोह के सरगना के रूप में शाहपुर मुजफ्फरनगर निवासी खलील उर्फ पुंबा और उसके साथी कांधला निवासी इमरान और भूरा कैराना निवासी तसव्वर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह के सरगना खलील पर आठ, इमरान पर चार और तसव्वर पर चार अपराधिक मुकदमें दर्ज है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरोह पहले पशु खरीदने के बहाने गांवों में फेरी कर रेकी किया करता था। पशुओं को देखने के बहाने मकान और पशुओं को बांधने वाले स्थानों की रेकी की जाती थी। गिरोह के सदस्य इस बात की भी तस्दीक करते थे कि चोरी के बाद पशुओं को किस रास्ते से निकाला जाएगा। इसके बाद रात को गिरोह के सदस्य गांवों में पहुंचकर अपनी बाइकों को खेतों में खड़ा कर  देते थे। इसके बाद गिरोह द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता था। थानाध्यक्ष ने बताया कि पशु चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद गिरोह का एक बदमाश बाइक पर रास्ते की रेकी करता था, ताकि वह रात के समय सड़क पर पुलिस और  अन्य लोगों की आवाजाही से गिरोह के सदस्यों को सूचित कर सके। गिरोह द्वारा रास्ते में वाहन बुलाकर पशुओं को पैठ में ले जाकर बेच दिया जाता था। उन्होंने बताया कि गिरोह के बदमाश अपनी सेफ्टी के लिए वारदात के दौरान अस्लाह भी अपने पास रखते थे। उन्होंने बताया कि बदमाशों से पशु चोरी की वारदातों के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है। बदमाशों का अपराधिक रिकाॅर्ड भी खंगाला गया है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तस्दीक की जा रही है।