शामली में व्यापारियों ने भरी हुंकार, दिल्ली में होगा...


शामली: पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने online व्यापार करने वाली कंपनियों के खिलाफ 6 से 8 जनवरी तक दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले विरोध प्रदर्शन में भाग लेने का आहवान किया है। 
  जानकारी के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की एक बैठक शनिवार को सुभाष चौक स्थित कार्यालय पर आयोजित की गयी। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष घनश्यामदास गर्ग ने कहा कि कैट कान फैडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स व पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल द्वारा देश में online व्यापार करने वाली फ्लिपकार्ट और अमेजन जैसी बहुर्राष्ट्रीय कंपनियों के कारण देश के व्यापारियों के व्यापार चैपट हो रहे हैं, ऐसी कंपनियों को देश से बाहर का रास्ता दिखाने के लिए 6 से 8 जनवरी तक दिल्ली के रामलीला मैदान में राष्ट्रव्यापी आंदोलन आयोजित किया जा रहा है जिसमें देशभर के हजारों व्यापारी भाग लेकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाएंगे। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में व्यापारियों को आंदोलन में पहुचने का आहवान किया है। बैठक में नगर अध्यक्ष नरेन्द्र अग्रवाल, सुभाष चंद, शिवांग गर्ग, रवि संगल, रामदयाल गुप्ता, ब्रजेश गर्ग, पवन गोयल मौजूद रहे।