बगैर काटे ही आंसू निकाल रही यह सब्जी...


शामली: मार्किट में प्याज का भाव 120 रूपए किलो तक पहुंच गया है। ऐसे हालातों में प्याज पर टूट पड़ने को आतुर लोग सिर्फ चटखारे की यादों के सहारे ही रह गए। दुकान में सब्जी सजाए दुकानदार इस समय किसी महाराज से कम नहीं है। लोग दुकान में आकर सब्जियों के भाव पूछते हैं तो रेट सुनकर ही आगे बढ़ जाते हैं।
   महंगाई की मार से बेहाल लोगों को प्याज सौ सौ आंसू रुला रहा है। जमाखोरी के चलते प्याज के भाव गिरने के बजाए बढ़ते चले जा रहे है। बाजार में वर्तमान समय में प्याज 120 रुपये किलो बिक रहा है। इतने महंगे भाव में भी लोगों को छटनी वाली छोटी छोटी प्याज ही मिल रही है। अच्छे प्याज का रेट तो 120 से भी ऊपर पहुंच रहा है। दुकानदार राजू ने बताया कि प्याज के थोक भाव ही इतने महंगे हैं। इसके चलते उनको भी महंगे दामों में प्याज को बेचना पड़ रहा है। बाढ़ व अधिक वर्षा के चलते प्याज व सब्जियों की फसलें चौपट हो गई हैं। इससे भी महंगाई बढ़ी है। जहां लोेग पहले किलो दो किलो प्याज खरीदते थे वह अब पाव, आधा पाव में ही काम चला रहे हैं। गरीबों की सब्जी कहे जाने वाला आलू भी काफी महंगा बिक रहा है।


करना पड़ रहा स्वाद से समझौता 
जिले में प्याज का भाव आसमान छू रहा है। प्याज की महंगी से खरीदारी में ही आंखों से आंसू निकल रहे हैं। प्याज का इस्तेमाल कम से कम करने को लोग विवश हैं। प्याज की बढ़ी कीमत के कारण लोगों को भोजन के स्वाद से भी समझौता करना पड़ रहा है। दाम के कारण लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोग सरकार से प्याज के दाम कम करने के लिए उठाए जाने वाले कदम के इंतजार में हैं। 


क्या कहते हैं लोग 
शामली के सुभाष कुमार ने बताया कि प्याज का दाम बढ़ने से परेशानी हो रही है। इसके मूल्य पर नियंत्रण के लिए सरकार को जल्द से जल्द सार्थक प्रयास करना चाहिए। ताकि आम लोगों को परेशानी नहीं उठानी पड़े। महिला संगीता का कहना है कि प्याज की बढ़ी कीमत गृहणियों के लिए परेशानी लेकर आया है। विशेष अतिथियों के आने पर ही घर की रसोई में अब इसका इस्तेमाल करना पड़ रहा है। इसके दाम पर नियंत्रण की जरूरत है। मनीष कुमार का कहना है कि प्याज की बढ़ी कीमत से लोग परेशान हैं। महंगे दामों में प्याज बिकने के कारण लोग इसका ज्यादा इस्तेमाल करने से परहेज कर रहे हैं। सरकार को मूल्य पर नियंत्रण करने के लिए सार्थक कदम उठाना चाहिए। उधर, गृहणी नीलू का कहना है क प्याज काटने पर लोगों के आंखों में आंसू आ जाते हैं। मगर महंगा प्याज बगैर काटे ही लोगों को रूला रहा है।