शामली में पकड़ी गई शातिर चोरनी...सुनकर डर जाएंगे...

हर किसी के लिए अपने घर के दरवाजे खोलकर मत रखिए, ऐसा करना आपके परिवार के लिए घातक सिद्ध हो सकता है। किसी को भी घर में सीधे घुसने देने पर आपके बीवी—बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। शामली पुलिस ने ऐसी चोरनी को गिरफ्तार किया है, जो झाडू—पौछे की नौकरी के बहाने घर में घुसकर लूटखसौट करती थी। इस चोरनी का आतंक कई दिनों से मचा हुआ था...



क्या है पूरा मामला? 
दरअसल थाना आदर्श मंडी क्षेत्र के मोहल्ला आदर्श विहार में 17 अक्तूबर को एक बड़ी वारदात हुई थी। यहां पर जय सिंह पुत्र राजपाल के घर पर दोपहर करीब 03:45 बजे उसकी पुत्रवधू शिखा और पत्नी अकेली थी। इसी दौरान एक अज्ञात महिला घर का दरवाजा खोलकर सीधे दूसरी मंजिल पर आ गई। महिला अपने आप को लुधियाना की रहने वाली बताते हुए घरेलू कार्य के लिए नौकरी मांगने लगी। इस दोरान शिखा अपने बेटे को गोद में खिला रही थी। नौकरी की फरियाद कर रही महिला ने अचानक शिखा के गले की चैन और हाथ से मोबाइल छीन लिया। इसके बाद वह घर की महिलाओं को धक्का देकर मौके से भाग निकली। पीडित पक्ष से जय सिंह ने वारदात की सूचना थाना आदर्श मंडी पुलिस को दी थी। सूचना पर थाना आदर्श मंडी पुलिस महिला की तलाश में जुट गई थी। 


सीसीटीवी में कैद हुई मारपीट 
थानाध्यक्ष आदर्श मंडी कर्मवीर सिंह ने शामली दर्पण को बताया कि वारदात कर घर से भागी महिला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। शिकायकर्ता जयपाल की पुत्रवधू ने पुलिस को यह भी बताया था कि आरोपी महिला के गले पर अंग्रेजी में गुलशन लिखा हुआ है। उसकी पीठ पर बना एक टैटू भी दिख रहा था। कर्मवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने इन्हीं तथ्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिला की पड़ताल शुरू कर दी थी। इसके बाद पुलिस ने सुरागों का पीछा करते हुए झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव से महिला कविता पत्नी गुलशन को गिरफ्तार कर लिया, जिसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद हो गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार करते हुए चालानी कार्रवाई अमल में लाई है। 


इन जनाब ने खरीदी चैन, अब हो गए फरार 
थानाध्यक्ष आदर्श मंडी कर्मवीर सिंह ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार महिला ने बताया कि उसने लूटी गई सोने की चेन दयानंदनगर गली नंबर तीन में रहने वाले सुनार प्रवीण पुत्र संदीप को बेच दी थी। थानाध्यक्ष ने बताया​ कि पुलिस ने प्रवीण की तलाश में दबिश डाली है, लेकिन वह घर से फरार हो गया है। आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने के लिए टीम को लगाया गया है।