पुलिसिया डंडे से अपमान नही होगा बर्दाश्त: घनश्याम दास गर्ग

व्यापारियों ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर पुलिसकर्मियों के अभद्र व्यवहार की शिकायत आईजी लक्ष्मी सिंह से की। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास र्ग ने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर पुलिसिया डंडे चला कर व्यापारियों के अपमान की कार्यप्रणाली को बर्दाश्त नही किया जाएगा। 



शामली: शासन द्वारा शामली जिले की नोडल अधिकारी नियुक्त आईजी लक्ष्मी सिंह ने बुधवार को शामली पुलिस मुख्यालय पर जिले के व्यापारियों से वार्ता की। बैठक में व्यापारियों ने अपनी शिकायतें डीआईजी के समक्ष रखी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने दीपावली के त्यौहार पर अतिक्रमण हटाओ अभियान की आड़ में पुलिस कर्मचारियों द्वारा किए गए अभद्र व्यवहार की निंदा करते हुए कहा कि पुलिसिया डंडा चला कर व्यापारियों का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने आईजी से इस पर अंकुश लगाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि व्यापारी टैक्स कलेक्टर है, चोर बदमाश नहीं है। बैठक में व्यापारियों ने पड़ौसी राज्य हरियाणा व पंजाब पुलिस द्वारा जिले में दबिश डालकर व्यापारियों का उत्पीड़न करने और सौदाबाजी के बाद ही उन्हें अवैध हिरासत से रिहा करने की शिकायत भी नोडल अधिकारी से की। व्यापारियों ने गन्ने के सीजन में मिल चलने पर शहर में गन्ने की ट्रालियों, बोगियों और ट्रकों से लगने वाले जाम की शिकायत भी सामने रखी। जाम की समस्या का प्रभावी समाधान कराने की मांग की गई। आईजी ने व्यापारियों की शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यदि हरियाणा पुलिस की गतिविधियां अवैध पाई गई, तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को उत्पीड़न बर्दाश्त नही किया जाएगा। उन्होंने शीघ्र ही विशेष बैठक बुलाकर जाम की समस्या का समाधान कराने का भी आश्वासन दिया। बैठक में व्यापारी नेता अंकित गोयल, सुभाष धीमान, नरेंद्र अग्रवाल, प्रदीप विश्वकर्मा आदि समेत अन्य गणमान्य व्यापारीगण मौजूद रहे।